चोरी का खुलासा करते एएसपी अवधेश कुमार
- फोटो : ORAI
माधौगढ़। रामपुरा क्षेत्र के टीहर गांव में सोमवार की रात राधाकृष्ण मंदिर से मूर्ति चोरी के मामले में सक्रिय हुई थाना पुलिस ने चोरी गईं मूर्तियों व अन्य समान समेत एक चोर को भी दबोच लिया है। उसके पास से मंदिर से चोरी की गई पीतल की राधाकृष्ण की मूर्तियां व अन्य सामान बरामद हुुआ। जबकि एक चोर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले का खुलासा माधौगढ़ थाना परिसर में एएसपी व सीओ ने किया। पुलिस ने पकड़े गए चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
मंगलवार की सुबह क्षेत्र के टीहर गांव स्थित मंदिर से कीमती मूर्तियां चोरी हुुईं थीं। एएसपी डा. अवधेश सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि बुधवार की सुबह पुलिस ने रामपुरा थाना क्षेत्र के धर्मपुरा मोड़ पर अभियुक्त प्रदीप कुमार पुत्र गिरजा शंकर यादव निवासी एकों थाना कुठौंद को दो राधा कृष्ण की पीली धातु की मूर्तियां, दो सफेद मोतियों की माला, एक सफेद धातु के मोतियों की माला, एक लोहे की राड के साथ गिरफ्तार किया है।
जबकि एक चोर मौके से भाग गया। वहीं एएसपी का कहना है कि शीघ्र ही दूसरा चोर भी पकड़ लिया जाएगा। वहीं सीओ संजय शर्मा ने बताया कि मूर्तियों की कीमत के बारे में जांच पड़ताल के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। गिरफ्तार करने वाली टीम रामकरन सिह, प्रमोद कुमार यादव, अनिल द्विवेदी, पंकज कुमार यादव, सर्वेश कुमार, रोहिताश कुमार, रवि कुमार को अपर पुलिस अधीक्षक ने उत्साहवर्धन किया। रामपुरा इंस्पेक्टर का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से उसके साथी के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। हो सकता है कि सिरसाकलार में 15 दिन पूर्व हुई मूर्ति चोरीं का भी सुराग लग सके।