कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला स्थित एक प्राइवेट स्कूल की टीचर ने गिनती न सुना पाने पर कक्षा एक की छात्रा की पिटाई कर दी। पिटाई से छात्रा के कान पर चोट आई है और खून निकलने लगा। जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन फानन में स्कूल स्टॉफ ने छात्रा को घर छोड़ आए। परिजनों ने जब बच्ची को देखा तो उसे सीएचसी ले कर गए, जहां से उसे हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं बच्ची की मां ने पुलिस को शिकायती पत्र दे कर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना क्षेत्र के ग्राम चतेला निवासी सुधा पत्नी राजकुमार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी 5 वर्ष की पुत्री दीक्षा गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है। शुक्रवार को स्कूल के टीचर ने उसकी पुत्री से गिनती सुनाने के लिए कहा न सुनाने पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके कान में चोट आई है और खून निकलने लगा। खून निकलता देख स्कूल के अन्य स्टॉफ पुत्री को घर पर छोड़ कर भाग गए। जिस पर वह पुत्री को लेकर सीएचसी गई, जहां से डॉाक्टरों ने उसे हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस मामले की जांच कर कार्यवाही की बात कह रही है। इस सम्बंध में खंड शिक्षाधिकारी आनन्द भूषण ने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहंी है अगर इस तरह की घटना हुई है तो विद्यालय के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मान्यता निरस्त की जाएगी।