जालौन। कोतवाली क्षेत्र के लौना गांव स्थित नहर में नहाते समय एक युवक डूब गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे नहर से बाहर निकाला। तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं।
लौना गांव निवासी बलबीर सिंह चौहान का बेटा रोहित (35) शनिवार की सुबह घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। खेत के रास्ते से गुजरी नहर में वह नहाने लगा। इस दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े। कई ने नहर में कूदकर उसे बाहर निकाला।
घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रोहित दो भाई थे। बड़े भाई पंकज की आठ वर्ष पूर्व हादसे में मौत हो गई थी। रोहित की मौत से मां गुड्डी व पिता बलवीर का रो-रोकर बुरा हाल रहा।