उरई। महेवा ब्लॉक के उरकरा कला गांव के एक राजमिस्त्री ने बबूल के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन खुदकुशी की वजह नहीं बता सके। हालांकि कुछ ग्रामीणों में चर्चा रही कि यह गांव की ही एक महिला से परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के महेवा ब्लाक में गांव उरकरा कला गांव निवासी रोहित (22) राजमिस्त्री था। शुक्रवार सुबह उसने नरहान रोड के किनारे बबूल के पेड़ पर फांसी लगा ली। ग्रामीणों ने सूचनी दी तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि चुनाव के कुछ दिन पहले ही रोहित गुजरात से गांव आया था। यह तीन भाई व एक बहन में दूसरे नंबर का था। मौत से पिता रामदीन सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि परिजन खुदकुशी करने का कारण नहीं बता पा रहे हैं। वहीं कुछ ग्रामीणों में चर्चा है कि क्षेत्र की किसी युवती से वह परेशान था। उसने दोस्तों से इसका जिक्र भी किया था।