उरई। दहेज में पांच लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को कमरे में बंद करके पीटा। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों से ससुराल वालों ने अभद्रता करते हुए गाली गलौज किया। विवाहिता के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी नारायण दास ने बताया कि उसने बेटी रुबीना उर्फ रुबी की शादी 29 अप्रैल 2021 को गांधीनगर उरई के आकाश से की थी। शादी के बाद से ही बेटी से ससुराल वालों ने पांच लाख रुपये व बाइक की मांग शुरू कर दी। इसके लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। एक मार्च 2022 को वह रिश्तेदारों को लेकर बेटी के ससुराल पहुंचे। वहां दामाद आकाश, सास ओमवती, ससुर विनोद, जेठ राहुल, ननद अंजली रूबीना को कमरे में बंद कर पीट कर रहे थे। इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी के मुताबिक जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।