उरई। जिला कारागार में बंद सजायाफ्ता सेवानिवृत्त लेखपाल की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह जानलेवा हमले के मामले में 10 माह की सजा काट रहा था। पांच दिन पहले फेफड़े में इंफेक्शन होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के चांदनी गांव निवासी प्रेम किशोर (67) सेवानिवृत्त लेखपाल था। बेटे प्रवीण ने बताया कि 1983 में एक जानलेवा हमले के मामले में उन्हें 10 माह की सजा सुनाई गई थी। उन्होंने नौ माह से अधिक समय कारागार में गुजार लिया था। 13 जुलाई को उनकी सजा पूरी हो रही थी, लेकिन कुछ समय पहले उन्हें जेल में ही फेफड़ों में इंफेक्शन हो गया था। इस पर जेल प्रशासन ने उन्हें 26 जून को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जेल अधीक्षक नीरज देव का कहना है कि बीमार होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।