कुठौंद। कोरोना बीमारी के तार राम मंदिर से जोड़कर विवादित पोस्ट डालने वाले युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है। बताया जाता है कि युवक ने पहले भी देवी देवताओं के खिलाफ विवादित टिप्पणी सोशल मीडिया पर की थी, जिस पर उसके खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी। थाना प्रभारी सुधाकर मिश्रा के मुताबिक फिलहाल आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्षेत्र के कंझारी गांव निवासी अर्जुन सिंह भदौरिया ने पुलिस को बताया कि गांव के हरीसिंह निषाद पुत्र कैलाश नारायण ने सोशल मीडिया फेसबुक पर अयोध्या के राममंदिर पर कोरोना बीमारी को लेकर विवादित पोस्ट की है। इस पर हरकत में आई पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और हरी की पोस्ट भी देखी। इसके बाद पुलिस ने हरी को उसके घर से पकड़ भी लिया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि हरी पहले भी देवी देवताओं पर विवादित टिप्पणी कर चुका है। पुलिस ने बताया कि हरी सिंह तीन साल से कस्बे में ही रह रहा है, इसके पहले वह गैर जनपद में प्राइवेट नौकरी करता था। पिता भी किसानी करते हैं।