जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर कंटेनर ने पौधों में पानी डालने के लिए खड़े टैंकर में टक्कर मार दी। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कंटेनर चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। जहां कंटेनर चालक को मृत घोषित कर दिया।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के रास्ते औरैया की ओर से सोमवार की रात बांदा की ओर जा रहा कंटेनर जैसे ही जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर के पास पहुंचा कि चालक अपना संतुलन खो बैठा और उसने पानी डालने के लिए खड़े टैंकर में टक्कर मार दी। इससे वहां पानी डाल रहे औरैया जिले के चटकापुर निवासी बृजेंद्र (36) मिहौली निवासी सत्यम (25) उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कंटेनर चालक बिहार के दरभंगा जिले के जाले नुनिया टोली निवासी गुड्डू महतो (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। जहां कंटेनर चालक गुड्डू को मृत घोषित कर दिया गया। लोगों ने बताया कि टैंकर पानी डाल रहा था, तभी कंटेनर सीधा उससे टकरा गया। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।