फोटो-32-गांधी चबूतरा पर हस्ताक्षर अभियान के दौरान मौजूद कांग्रेसी। स्रोत-पार्टी
उरई। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के तहत बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोतवाली के सामने स्थित गांधी चबूतरा पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की मांग उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर पर्यावरणीय संतुलन की अनदेखी की जा रही है। अंडमान-निकोबार जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से जैव विविधता, वन्यजीवों और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से पर्यावरण हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित कटान पर पुनर्विचार करने की मांग की।
अभियान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद सेंगर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष रेहान सिद्दीकी, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सुंदर, राजीव नारायण मिश्रा, जमुनादास,असगरी बेगम, अयूब अंसारी आदि रहे। (संवाद)