माधौगढ़। विकासखंड की ग्राम पंचायत अतरौली के तीन मजरों में मनरेगा, इंटरलॉकिंग और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। टिकुरी, छुटका की खोड़ और धर्मपुरा के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर लाखों रुपये की गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी समीर से जांच की मांग की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर आरोपों की बिंदुवार जांच के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीण वीरेंद्र सिंह, माता प्रसाद, प्रभु दयाल, सत्यभान, राहुल पाल सिंह, मिस्टर सिंह, पीतम और राजेंद्र सिंह सहित अन्य शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मनरेगा में फर्जी जॉब कार्ड के जरिए मजदूरी का भुगतान किया गया। इंटरलॉकिंग कार्यों में पक्षपात और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अपात्रों को लाभ दिए जाने की भी शिकायत की गई है। इसके अलावा चकबंदी, भूमि समतलीकरण, बरसाती नाला खोदाई, पुलिया और डैम निर्माण में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान शत्रुघन सिंह के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर डीएम ने एसडीएम मनोज प्रकाश, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार और उपायुक्त श्रम रोजगार रामेन्द्र सिंह कुशवाहा की तीन सदस्यीय समिति बनाई है। समिति को सभी आरोपों की बिंदुवार जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।