फोटो-18-निरीक्षण करतीं टीम के सदस्य। संवाद
उरई। एनक्वास की दो सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। तीन दिन के दौरे पर आई टीम ने पहले दिन इमरजेंसी वार्ड में दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया। अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि अभिलेखों और कागजी कार्रवाई में कुछ खामियां सामने आईं। कागजी अभिलेख अपडेट रखने के निर्देश दिए।
स्टेट कंसल्टेंट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन लखनऊ के आरएस चौरसिया और जिला परामर्शदाता मातृत्व स्वास्थ्य रुबी वर्मा ने इमरजेंसी के बाद ऑपरेशन थिएटर (ओटी), ओपीडी और वार्डों का जायजा लिया। टीम ने मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड के रखरखाव और अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़े बिंदुओं को डायरी में दर्ज किया गया। एनक्वास के तहत अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। टीम तीन दिन तक विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच करेगी। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इस दौरान डॉ. शक्ति मिश्रा, फार्मासिस्ट टीपी गौतम, प्रभारी मेट्रन मिथिलेश वर्मा मौजूद रहीं।