माधौगढ़। बिजली बिल बकाये को लेकर जेई विद्युत ने ब्लाक कालोनी की बिजली काट दी। बिजली न आने से परेशान लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ एक घंटे तक नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि जल्द बिजली चालू नहीं कराई गई तो धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
एसडीओ अभिषेक सोनकर का कहना है कि ब्लाक कार्यालय के बाबू ने विद्युत कार्यालय आकर केवल आफिस का बिल देने की बात कही है। कालोनी का बिल देने में उन्होंने मना कर दिया, जिससे जेई ने कालोनी की लाइन काटी है। यदि कालोनी के लोग बिजली चाहते है तो वे अपने नाम से कनेक्शन ले लें। उनकी सप्लाई चालू कर दी जाएगी। विकास खंड कार्यालय सहित कालोनी का एक वर्ष का लगभग तीन लाख रुपये का विद्युत बिल आने पर विकास खंड के बाबू महेश चंद द्विवेदी ने एसडीओ अभिषेक सोनकर से कहा कि केवल आफिस का विद्युत बिल दिया जाएगा, कालोनी का नहीं।
इस पर एसडीओ के निर्देश पर जेई विद्युत संजय कुमार ने सोमवार को ब्लाक कालोनी की विद्युत काट दी। बिजली न मिलने से नाराज आशा देवी, गायत्री, संगीता यादव, अंजू, सुनीता, मकरंद यादव, सुरेंद्र प्रबल, जितेंद्र, अमित त्रिपाठी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ एक घंटे तक नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कालोनी में रह रहे एक दर्जन परिवार के लोगों की रात की नींद गायब हो गई है।