उरई। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय ने अस्पताल परिसर में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की कमी भर्ती पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी में ड्यूटी कर रहे बाल रोग विशेषज्ञों को निर्देशित किया कि वे ओपीडी में आने वाले सभी कुपोषित बच्चों की स्क्रीनिंग करें और चिन्हित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक भर्ती बच्चे की उचित देखभाल और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। आईपीडी भर्ती वार्ड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्टाफ को निर्देशित किया कि वे समय समय पर वार्ड में भ्रमण करें और मरीजों का हालचाल लें। सीएमएस ने दंत रोग विभाग का भी निरीक्षण किया और कहा कि मरीजों के ऑपरेशन और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी लापरवाही की स्थिति में जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्टाफ से कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ सद्भाव बनाए। इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ, नर्सिंग स्टाफ और अन्य चिकित्सक भी मौजूद रहे। (संवाद)