कोंच। गोशालाओं में गायों के चारा पानी के लिए एसडीएम अशोक कुमार की ओर से शुरू की गई सराहनीय पहल के तहत कामधेनु गोलक को उनके ही कक्ष में रखा गया है। जिसमें आमजन कुछ न कुछ धनराशि गायों के रखरखाव के लिए डाल रहे हैं। बुधवार को उस गोलक में क्षेत्र निवासी कढोरेलाल यादव ने दस हजार रुपये का योगदान किया है। एसडीएम ने बताया कि यह पैसा गोशालाओं और गौ आश्रय स्थलों को भेजा जाएगा।
मालूम हो कि गोशालाओं में रहने वाली गायों के चारा पानी के लिए एसडीएम ने अपने कार्यालय स्थित कक्ष में कामधेनु गोलक रखवाई है। जिसमे हर व्यक्ति रोजाना कुछ न कुछ दान जरूर करता है। दरिद्र नारायण सेवा समिति के संयोजक कढोरेलाल यादव का कहना है कि गायों की सेवा से भी पुण्य मिलता है और यह धनराशि उनके खाने पीने के लिए है तो उन्हें देने में बिल्कुल भी दिक्कत नहीं हुई। बता दें कि इसके अलावा शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण कराने को आने वाले लोग भी गोलक में कुछ न कुछ जरूर डालते हैं। संवाद