विकास भवन में किसान बंधु की बैठक लेते डीएम मन्नान अख्तर व अन्य
- फोटो : ORAI
उरई। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों ने बिजली, पानी व सिंचाई के साथ साथ बीमा क्लेम के मुद्दों को उठाया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा के अंदर उनका निस्तारण करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी बेवजह किसानों को परेशान न करे, शिकायत मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसान दिवस की शुरूआत पिछली बैठक की आख्या से की गई। कृषि अधिकारी ने किसानों के सामने ही निस्तारण की आख्या पढ़कर सुनाई, जिस पर जिलाधिकारी ने किसानों से निस्तारण को लेकर चर्चा की। किसान नेता राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि नहरों की लिस्ट सफाई न होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं किसान नेता बलराम लंबरदार ने क ही कि दैवीय आपदा से हुए नुकसान का अब तक किसानों को मुआवजा व क्लेम का पैसा नहीं दिया गया है।
जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने जल्द से जल्द क्लेम की मांग की। किसान दिवस में 24 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनके जिलाधिकारी ने 15 दिनों में निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत कुमार, कृषि उपनिदेशक आरके तिवारी, अधिशाषी अभियंता सुभाष चंद्र सचान आदि उपस्थित रहे।