सर्दी के मौसम में गरीबों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक अमला अब सक्रिय नजर आने लगा है। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार की रात एसडीएम सदर, तहसीलदार व अन्य अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र ग्राम रगेदा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गरीबों को चिंह्ति कर कंबल बांटे। बाद गांव में ही चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनीं।
ग्रामीणों ने गांव में तालाब बनवाने की भी मांग की। इस पर एसडीएम ने प्रधान से प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। एसडीएम डॉ. एबी सिंह शुक्रवार की रात तहसीलदार दुर्गेश यादव, नायब तहसीलदार हरप्रसाद, राजस्व निरीक्षक राजकुमार श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ रगेदा गांव पहुंचे।
यहां पर सबसे पहले अधिकारियों ने गरीबों को चिंह्ति कर उन्हें कंबल बांटे। इस दौरान करीब दो दर्जन गरीबों को कंबल बांटे गए। इसके बाद एसडीएम ने गांव में ही चौपाल लगाई। एसडीएम ने प्रधानपति कौशल किशोर यादव से ग्राम संपत्ति रजिस्टर की जानकारी ली।
इस पर उन्हें मालूम हुआ कि गांव का संपत्ति रजिस्टर नहीं है। एसडीएम ने निर्देश दिए कि रजिस्टर तैयार किया जाए। गांव निवासी रामअवतार द्विवेदी ने रगेदा चौरसी व राहिया मौजे की कई एकड़ खेती में टेल तक पानी न पहुंचने के कारण फसल सूखने की शिकायत की।
इस पर एसडीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि सिंचाई समस्या को लेकर प्रशासन गंभीर है। इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। नहरों में टेल तक पानी पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। ग्रामीण सुखदेव तिवारी आदि ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि गांव में तालाब का निर्माण कराया जाए।
एसडीएम ने प्रधान को तालाब का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। एसडीएम ने विरासतन के मामलों की जानकारी ली। विधवा व वृद्धा पेंशन आदि के बारे में भी लोंगो से जानकारी ली। इस मौके पर पूर्व प्रधान संतोष सिंह पाल, जितेंद्र चौधरी, राजेंद्र वर्मा, उमाचरण पाल, शंकर सिंह, गिरेंद्र सिंह, रामचरण पाल, रामकिशोर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।