कोंच। कोंच-उरई मार्ग पर बुधवार को सड़क पर अचानक कुत्ता आ जाने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में जा गिरी। हादसे में कार सवार मां-बेटा घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बेटे को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया।
उरई निवासी मनमीत सिंह (34) मां के साथ कार से नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हैरी पीलिया की दवा लेने जा रहे थे। कोंच-उरई मार्ग पर ग्राम पड़री के पास आशीर्वाद क्लब के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क किनारे खंदक में उतर गया। हादसे के दौरान कार के शीशों से टकराने के कारण मां-बेटे दोनों को चोटें आईं।
मनमीत सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी हालत गंभीर बताई गई, जबकि उनकी मां को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने दोनों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला और घायल युवक को तत्काल सीएचसी कोंच पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मनमीत सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।