उरई। सालों से सड़क के किनारे मौरंग, गिट्टी, ईंट डालकर कब्जा किए दुकानदारों के साथ सड़क पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अब अभियान चलेगा। नगर पालिका के नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर पालिका प्रशासन अब सड़काें को कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान चलाएगा। इसके लिए अब जिला प्रशासन ने चार विभाग को मिलाकर कमेटी बनाई है।
गुरुवार सुबह नौ बजे से अभियान की शुरूआत होगी। अभियान में 49 दुकानदारों से सड़कों का कब्जा मुक्त कराया जाएगा। सड़क किनारे कब्जा को लेकर कई बार लोगों ने शिकायत भी की थी। इससे हादसों की संख्या में इजाफा पर चिंता जताई थी। इसके बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहे थे। इसके बाद अमर उजाला ने कब्जा मुक्त के लिए खबरों के माध्यम से अभियान चलाया। जिस पर नगर पालिका ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
तीन दिन पहले सिटी मजिस्ट्रेट ने नोटिस जारी कर तय समय पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी किसी दुकानदार ने नोटिस को तवज्जो नहीं दिया। अब नगर पालिका, प्रशासन, पुलिस विभाग, पीडब्ल्यूडी मिलकर अभियान चलाएगा। नगर पालिका ईओ गिरीशचंद्र ने बताया कि सड़कों पर सालों से कब्जा दुकानदारों ने कर रखा है। सड़क तक मौरंग, गिट्टी डाल रखी है। इसको हटाने के लिए चारों विभाग मिलकर गुरुवार को नौ बजे से कब्जा मुक्त के खिलाफ अभियान की शुरूआत होगी। जो लोग कब्जा नहीं हटाएंगे। उनका सामान जब्त होगा। नगर पालिका की टीम चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और दो जेसीबी लेकर साथ में रहेगी।
नाला सफाई में भी आ रही दिक्कत
उरई। शहर के अंबेडकर चौराहे से घंटाघर तक सड़क के दोनों तरफ के नाले अतिक्रमण की वजह से बंद हैं। सड़क पर जगह-जगह कब्जा होने की वजह से नगर पालिका को नाला सफाई करने में भी दिक्कत आ रही है। बारिश से पहले सभी नालों की सफाई कराना पालिका प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं है। कम समय में नाला सफाई का काम पूरा करने के लिए सबसे ज्यादा दिक्कत सड़कों के किनारे बने नालो पर अवैध अतिक्रमण की वजह से आ रही है। शहर में चलने जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद बाजार वाले इलाकों में नाले की सफाई साप्ताहिक बंदी वाले दिन करवाया जाएगा। इससे व्यापारियों को भी असुविधा न हो। (संवाद)