जालौन। सोमवार को कानपुर से बाजार कर लौटे व्यापारी की मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। व्यापारी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
लॉकडाउन अनलॉक होने पर नगर के एक किराना व्यापारी सोमवार को किराना का सामान लेने बस से कानपुर गए थे। सामान खरीदने के बाद वह रात में वह बस से घर लौट आए। रात में अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई। परिजन जब तक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे तब तक उनकी मौत हो गई। मृतक के शव को जब परिजन अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित मौके पर पहुंचे। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उन्होंने चिकित्सकों की टीम बुलाई। चिकित्सकों ने उनका सैंपल लेकर कोरोना के टेस्ट के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।