कदौरा। कस्बे में पूरा बाजार खुले होने की सूचना पर पुलिस ने बंद करा किया। इसमें कई जरूरी सामग्रियों की दुकानों भी पुलिस ने बंद करवा दी। इस दौरान पुलिस व व्यापारी नेताओं में नोकझोंक हो गई। इससे व्यापारी आक्रोशित हो गए और मामले को लेकर नगर पंचायत पहुंचे। ईओ के हस्तक्षेप के बाद सिर्फ जरूरी सामग्रियों की दुकानों को खुलवाया गया।
कस्बे का पूरा बाजार बुधवार सुबह आठ बजे खुल गया और ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। किसी ने मामले की शिकायत एसडीएम कालपी से कर दी। एसडीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना पुलिस को चेतावनी दी। निर्देश मिलते ही कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जबरन बाजार बंद करवा दिया। इस बंदी में पुलिस ने किराने की दुकानों व मेडिकल को भी बंद करा दिया। इससे व्यापारी आक्रोशित हो गए। आक्रोशित व्यापारी नगर पंचायत कार्यालय पहुंच गए और अधिशासी अधिकारी से मामले की शिकायत की। व्यापारियों का आरोप है, कि जब सुबह 7 से 11 बजे तक बाजार खोलने के आदेश है तो बंद क्यों करवा रहे है। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह के हस्तक्षेप कर जरूरी सेवाओं की दुकानों को खुलवाया। उन्होंने कहा कि जरूरी खाद्य सामग्री के अलावा अन्य दुकानें न खोली जाए। व्यापारियों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उत्पीड़न किया जाए। ईओ सुनील कुमार का कहना है कि बाजार बंद कराने को लेकर विवाद हुआ था। शासन के निर्देशानुसार जरूरी सामग्रियों की दुकानों को खुलवा दिया गया है।