जालौन। मंडी शुल्क के विरोध में व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। उन्होंने मंडी शुल्क वापस लेने की मांग की।
गल्ला व्यापार कल्याण समिति के तत्वाधान में शुक्रवार को गल्ला मंडी में व्यापारियों ने सरकार के मंडी शुल्क का विरोध करते हुए अपनी दुकानें बंद कर खरीद फरोख्त नहीं की। जिससे मंडी पहुंचने वाले क्षेत्रीय किसानों को परेशान होकर वापस लौटना पड़ा। व्यापारियों ने मंडी शुल्क के विरोध में आक्रोश जताते हुए नारेबाजी की और सरकार से मंडी शुल्क वापस किए जाने की मांग की। इस दौरान समिति के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने कहा कि मंडी शुल्क के नाम पर व्यापारियों से अवैध वसूली होती है। अधिकांश राज्य ऐसे है जहां मंडी शुल्क नहीं लगता है। लेकिन कृषि कानूनों की वापसी के बाद सरकार ने मंडी शुल्क शुरु कर व्यापारियों के साथ अन्याय किया है। इस दौरान समिति के उपाध्यक्ष महेंद्र राठौर, महामंत्री गोविंद सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष संतोष नावर, अमित राठौर, आदि मौजूद रहें।