बस स्टैंड का निरीक्षण करती डीएम प्रियंका निरंजन
- फोटो : ORAI
उरई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को शहर के जालौन बाईपास पर बन रहे प्राइवेट बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में देरी पर कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करें।
बताते चलें कि कोंच बस स्टैंड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड को रोडवेज बस स्टैंड में शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही प्राइवेट बस स्टैंड को जालौन बाईपास के पास स्थानांतरित कर दिया गया है। पर निर्माण कार्य पूरा न होने पर अभी भी प्राइवेट बस संचालक पुराने बस स्टैंड पर ही डेरा जमाए है। इस कारण अक्सर बस स्टैंड चौराहे पर जाम की स्थिति रहती है। जाम की स्थिति को देखते हुए डीएम ने नवनिर्मित प्राईवेट स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य में प्रगति धीमी होने पर फटकार लगाई। उन्होंने बस स्टैंड में बिजली के पोल को शीघ्र हटाने का निर्देश अधिशाषी अभियंता को दिया। बस स्टैंड में मिट्टी के ढेर को देखते हुए कहा कि जल्द से जल्द समतलीकरण का कार्य पूरा कराया जाए। ताकि यात्रियों व बस संचालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दस दिन में कार्य पूरा करा लें। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका उरई विमलापति सहित रोडवेज के अधिकारी एवं कार्यदाई संस्था के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
...........................