उरई। बहन के साथ हुई दरिंदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए भाई दो दिन तक कोतवाली से चौकी और चौकी से कोतवाली के चक्कर लगाता रहा। लेकिन फिर भी उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। थाना स्तर पर पुलिस के जिम्मेदार उसे जांच का हवाला देते हुए यहां से वहां दौड़ाते रहे। महिला उत्पीड़न के मामलों में सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बावजूद पुलिस ने मामले की प्रथम सूचना रिपोर्ट लिखना भी मुनासिब नहीं समझा।
किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर मोहल्ले के ही दो युवकों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से पीड़िता ने अपने साथ हुई दरिंदगी की इंतहा किसी को नहीं बताई। इसके बाद आरोपी बेखोफ हो गए और उसे शहर के होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देते रहे। पांच दिन पहले जब किशोरी के भाई को इसकी जानकारी हुई तो उसने गुमसुम बहन से पूछा तो वह रोने लगी और बोली कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने मेरे साथ गलत किया है। उ
बहन की बात सुन भाई बुधवार की रात उसे लेकर कोतवाली पहुंचा। लेकिन वपुलिस कहां सुनने वाली है। साहब का फरमान हुआ कि कौन सी चौकी लगती है तो भाई ने जिस चौकी का नाम बताया तो उसे वहां के लिए भेज दिया गया। इसके बाद जब वह चौकी पहुंचा तो उसकी तहरीर लेने के बाद दरोगा ने जांच होने के बाद कार्रवाई की बात कही। भाई बहन को लेकर घर लौट आया, इसके बाद भी कोई पुलिस कर्मी न तो उसके घर पहुंचा और न ही संपर्क किया।
शाम को वह फिर से कोतवाली पहुंचा, जहां उसे कोतवाली में तैनात दरोगा ने कहा कि तुम कहां जाहिलों की बस्ती में बस गए हो। अभी जाओ जांच होगी। इसके बाद मामला दर्ज किया जाएगा। इसके बाद शुक्रवार को भी पुलिस ने मामले की जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सीओ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसलिए अभी जांच की जा रही है।
दो वर्ष पहले हुई थी छेड़खानी, पंचायत में सुलझा दिया था मामला
दो वर्ष पहले भी आरोपी युवकों ने किशोरी के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया था। लेकिन मोहल्ले में ही पंचायत हुई और बदनामी की बात कहते हुए मामले को समझा बुझाकर शांत करवा दिया गया।
स्कूल जाने के दौरान आरोपी ले जाते थे होटल में
किशोरी ने बताया कि वह जालौन रोड स्थित एक स्कूल में पढ़ती है। इसी दौरान मोहल्ले का ही युवक उसे जबरन होटल में ले जाता था। उसी दौरान उसने उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसी दौरान उसने अपने साथी को भी बुला लिया और उसने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।