अस्पताल में पड़े मजदूर को देखते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला
कोंच। बस्ती टोपोर के बीच एलटी लाइन के एक पोल पर चढ़कर मजदूर काम कर रहा था। अचानक पोल बीच से टूट कर गिर गया जिससे उस पर चढ़ा मजदूर नीचे गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। वह किसी प्राइवेट कंपनी के ठेकेदार के पास मजदूर काम कर रहा था।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बस्ती के निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बन रही बस्ती टोपोर एलटी लाइन के एक खंभे पर एक मजदूर सुनील कुमार (45) पुत्र प्रतापसिंह राजपूत निवासी छोटी बंधौली थाना चिकासी जिला हमीरपुर चढ़ा काम कर रहा था। अचानक ही सीमेंट का पोल बीच से टूट कर गिरा जिससे मजदूर सीसी रोड पर आकर गिरा। आनन-फानन उसे कोंच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि किसी प्राइवेट कंपनी का ठेकेदार श्रीराम सोनी पुत्र नाथूराम सोनी निवासी उरई लाइन बनवा रहा है।