उरई। झांसी, जालौन, ललितपुर क्षेत्र से एमएलसी का प्रत्याशी भाजपा ने रमा निरंजन को घोषित किया है। अभी वह सपा कोटे से एमएलसी थीं। विधानसभा चुुनाव के पहले रमा निरंजन व उनके पति डॉ. आरपी निरंजन ने सपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा रमा निरंजन को ही प्रत्याशी बनाएगी। शनिवार को भाजपा एमएलसी प्रत्याशियों की जारी सूची में रमा निरंजन का नाम होने के बाद कयासों पर विराम लग गया।
कोंच तहसील के रवा गांव निवासी डॉ. आरपी निरंजन की पत्नी रमा निरंजन पिछला चुनाव सपा के टिकट से जीती थीं। विधानसभा चुनाव के पहले वह पति समेत भाजपा में शामिल हो गई थी। इसके बाद उनकी माधौगढ़ क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई थी। पर भाजपा का टिकट उनकी ही बिरादरी के विधायक मूलचंद्र निरंजन को दिया गया। इसके बाद वह एमएलसी के टिकट के लिए जोड़तोड़ करने लगी थी। शनिवार को सूची में उनका नाम आने पर समर्थकों ने बधाई दी है। उधर, सपा ने पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर सिंह यादव पारीछा को प्रत्याशी बनाया है।