मुहम्मदाबाद। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस से गिरकर बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। उनकी बाइक एक्सप्रेसवे की सरियों में फंस गई है, जिसे निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है।
रविवार की रात हमीरपुर के कस्बा राठ के मोहल्ला पठानपुरा निवासी शीबू, मनीष और जय सिंह बाइक से रिश्तेदारी में कोटरा जा रहे थे। ये लोग डकोर क्षेत्र में रास्ता भटक कर निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर आ गए।
अंधेरा होने की वजह से बाइक सवार तीनों युवक पुल से करीब 35 से 40 फीट नीचे गिर गए। उनकी बाइक सरियों में फंस गई। चीख पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर देखते हुए तीनों को कानपुर रेफर कर दिया गया।