माधौगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंढर में प्रसव के बाद दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसके बाद परिजनों ने डीएम और एसपी को भी शिकायती पत्र दिया। इसमें दोषियों पर कार्रवाई की बात कही और थाने में भी तहरीर दी। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह के मुताबिक दोनों नवजात के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यदि वाकई लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
रेंढर थाना क्षेत्र के गांव कुसमरा निवासी अनिल राठौर की पत्नी किरन (22) ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंढर में रविवार की सुबह 11 बजे पुत्र का जन्म हुआ। आधा घंटे में पुत्र की मौत हो गई। इसके बाद कुठौंदा निवासी आरती परिहार (32) पत्नी पवन ने 12 बजे पुत्र को जन्म दिया। कुछ देर बाद उनके बेटे की भी मौत हो गई। दो नवजात बच्चों की मौत से पवन कुठौंदा और अनिल कुसमरा के परिजन आ गए।
नवजात बच्चों के शव अस्पताल में ही रखकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पाकर थाना पुलिस पहुंची तो परिजनों की पुलिस से भी झड़प हुई। परिजनों का आरोप है कि एएनएम कृष्ण कुमारी ने स्वयं डिलीवरी न करके अपनी बहू सीमा दुबे से डिलीवरी कराई, जिस कारण नवजात की मौतें हुई हैं। कुठौंदा निवासी पवन ने पुलिस को बताया कि सीमा दुबे ने पहले बच्चा उल्टा बताया, फिर साधारण होने की बात कही।
सूचना पर सीएमओ डॉ ऊषा सिंह, एसडीएम सालिकराम, सीओ शाहिदा नसरीन मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने परिजनों व स्टाफ से बात की। उन्होंने मामले की जांच नदीगांव सीएचसी के अधीक्षक डीके भिटौरिया को सौंप दी है।
उधर सोमवार को दोनों के परिजन कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच कर दोषियों की कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने थाने में भी तहरीर दी है। इसमें डिलीवरी के बदले रुपये मांगने का भी आरोप लगाया गया है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार की रात भी एक नवजात की मौत हुई थी। वहीं पीएचसी प्रबंधन का कहना है कि दोनों बच्चे मृत ही पैदा हुए थे। देर रात सीएमओ ने बताया कि अभी उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।