कोंच। कैलिया रोड पर शुक्रवार को अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ग्राम ब्यौना राजा, थाना कैलिया निवासी कुसुमा (45) अपने पुत्र अनूप (18) के साथ रिश्तेदारी में ग्राम अंडा गई थीं। दोनों मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। कैलिया रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के आगे अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। इससे बाइक नीलगाय से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी कोंच पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। (संवाद)