विद्यालय का निरीक्षण करतीं खंड विकास अधिकारी
- फोटो : ORAI
जालौन। विद्यालय एवं आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें। जिससे विद्यालय में रहने वाली बच्चियां स्वस्थ रह सकें। यह निर्देश बीडीओ महिमा विद्यार्थी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान वार्डन को दिए। छह माह से खराब पड़े हैंडपंप के शिकायतों के बाद भी ठीक न होने पर उन्होंने अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीडीओ को लिखा।
बीडीओ महिमा विद्यार्थी ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय में पंजीकृत 100 छात्राओं में 92 छात्राएं उपस्थित मिलीं। छात्राओं से पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्हें मेनू के अनुसार नाश्ता व भोजन दिया जाता है। गुणवत्ता परखने के लिए बीडीओ ने स्वयं भोजन को चखा जो सही मिला।
विद्यालय में छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क के लिए लगा टेलीफोन लगभग एक पखवारे से खराब होने पर उसे सही कराने के निर्देश दिए। नालियों में पानी भरे होने एवं ग्राउंड की मिट्टी समतल न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने वार्डन को निर्देश दिए कि विद्यालय व आसपास साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें। वार्डन ने बताय कि विद्यालय में लगा हैंडपंप लगभग छह माह से खराब पड़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक हैंडपंप ठीक नहीं कराया गया। जिस पर बीडीओ ने अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीडीओ को पत्र लिखा। बीडीओ ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
बीडीओ ने किया निरीक्षण, कम संख्या में मिले बच्चे
मुहम्मदाबाद। डकोर बीडीओ सुदामा शरण ने बीआरसी मड़ोरा व प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल के साथ आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बीआरसी केंद्र पर प्रभारी कल्पना श्रीवास्तव मौजूद मिलीं। जबकि एबीआरसी वंदना, अरुणा सक्सेना, अरविंद निरंजन व परिचारक शशिकांत गैरहाजिर मिले। प्राइमरी स्कूल में 101 के सापेक्ष 53 बच्चे मौजूद मिले। जबकि जूनियर हाईस्कूल मड़ोरा में 85 के सापेक्ष 51 बच्चे मिले। आंगनबाड़ी केंद्र में 32 के सापेक्ष छह बच्चे ही मौजूद मिले। बीडीओ ने बताया कि उन्होंने डीएम व सीडीओ के निर्देश पर निरीक्षण किया था, पूरी आख्या डीएम को भेजी जा रही है।