मुहम्मदाबाद (जालौन)। कुसमिलिया गांव में दंगल का मंगलवार को समापन हो गया। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने पहलवानों के हाथ मिलाकर दंगल को शुरू कराया। दंगल में दूसरे दिन करीब चालीस कुश्तियां हुईं। दंगल में दूर दराज से आए करीब दो सौ पहलवान पहुंचे थे। पहलवानों ने दांवपेच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
अंतिम कुश्ती 25 हजार की बराबरी पर रही। पहली कुश्ती रवि कानपुर, श्याम जी झांसी के बीच 21 हजार की हुई। इसमें श्यामजी ने रवि को पटकनी देखकर कुश्ती जीत ली। इसके बाद बाबा बजरंगी अयोध्या व बंटी दिल्ली के बीच दस हजार की कुश्ती रही। इसमें बाबा बजरंगी ने अपना दांवपेंच लगाकर बंटी दिल्ली को चित कर दिया।
इसके बाद मोहित हरियाणा व मनोज भदेख के बीच हुई पांच हजार की कुश्ती में मोहित हरियाणा ने विजय पाई। श्याम जी कानपुर व विपिन उन्नाव के बीच हुई आठ हजार की कुश्ती में विपिन उन्नाव जीते। पुष्पेंद्र बांदा व अखिलेश झांसी के बीच हुई कुश्ती में अखिलेश ने पुष्पेंद्र को पटकनी दी। आखिरी कुश्ती बुंदेलखंड केसरी संदीप राणा व बुंदेलखंड केसरी मोहर सिंह के बीच पच्चीस हजार की हुई। इसमें दोनों पहलवान एक दूसरे पर हावी रहे और कुश्ती बराबरी पर छूटी।