कोंच। भेड़ गांव में नशे में धुत युवक ने तलवार से हमला कर एक युवक को लहूलुहान कर दिया। घटना की जानकारी होते हो उसके परिजन मौके पर पहुंचे और बचाया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेड़ निवासी धीरज बुधौलिया(30) शनिवार की शाम शादी समारोह में शामिल होकर अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में गांव का ही युवक नशे की हालत में सड़क पर खड़ा था और उसने धीरज की स्कूटी रोक ली और गाली गलौज करने लगा। धीरज ने बताया कि गाली देने से मना करने पर वह अपने घर से तलवार लेकर आया और उसके सिर पर हमला कर दिया। धीरज की मां सुनीता वहां पहुंच गई और उसके धीरज को छुड़ाया और गांव वालों की मदद से उसे कोंच के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित का आरोप है कि राकेश अपराधी है। उसके आतंक से गांव वाले परेशान हैं। डर के कारण कोई उसकी शिकायत नहीं करता है। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ब्रजेश बहादुर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।