उरई। लोकसभा चुनाव 2014 में आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में सोमवार को भाजपा सांसद व भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की अपर जिला जज प्रथम अमित पाल सिंह की अदालत में पेशी हुई। हालांकि अदालत ने सांसद व युवा जिलाध्यक्ष को जमानत पर रिहा कर दिया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2014 के दौरान लगी आचार संहिता में बाल पेंटिंग को लेकर सांसद भानु प्रताप वर्मा व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राम अनुग्रह सिंह राजावत पर जालौन के तत्कालीन एसडीएम ने जालौन कोतवाली में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया था। यह मामला अपर जिला जज प्रथम की अदालत में चल रहा था। जिसमें सोमवार को सांसद व युवा जिलाध्यक्ष की पेशी थी। जिसको लेकर सांसद व युवा जिलाध्यक्ष कोर्ट में पेश हुए। सुनवाई के बाद दोनों को जमानत दे दी गई है। मामले को लेकर सांसद से बात नहीं हो सकी है। वहीं युवा जिलाध्यक्ष रामअनुग्रह सिंह राजावत का कहना है कि 2014 में वह क्षेत्र पंचायत का टिकट मांग रहे थे, जिसमें आचार संहिता का मामला दर्ज हुआ था।