माधौगढ़(उरई)। मवेशी चरा रहे किशोर से रास्ता पूछने के दौरान बदमाशों ने उसे कार में बैठाकर अगवा कर लिया। जमरेही सानी के पास बदमाशों की कार बंद होने से किशोर कार से निकल कर गांव की ओर भागने लगा। उसकी चीख पुकार सुनकर ग्रामीण उसकी और दौड़ पड़े। इससे बदमाश भागने लगे। किशोर के पिता ने गोहन थाने में तहरीर दी है। एसओ राजीव कुमार सिंह का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गोहन थाना क्षेत्र के गांव गोरा भूपका निवासी रितिक (13) पुत्र नरसिंह कक्षा आठ का छात्र है। वह मंगलवार दोपहर सड़क किनारे मवेशी चरा रहा था। एक कार में सवार चार-पांच बदमाश उसके पास पहुंचे। इन्होंने कार रोककर किशोर से गोहन जाने का रास्ता पूछा। इस दौरान बदमाशों ने किशोर को जबरन कार में बैठा लिया। मुंह दबाकर बेहोश कर दिया। जमरेही सानी के पास कार अचानक बंद हो गई। बदमाश कार को देखने लगे। तभी किशोर को होश आ गया। वह मौका मिलते ही कार से निकलकर गांव की ओर दौड़ने लगा। उसकी चीख पुकार सुनकर ग्रामीण आ गए। ग्रामीणों को देख कार सवार बदमाश भाग खड़े हुए।
किशोर के पिता नरसिंह ने गोहन थाने में तहरीर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश कर रही है।