कोंच (जालौन)। तहसील परिसर में झांसी से आई एंटी करप्शन टीम ने छापा मारकर कानूनगो व दो दलालों को महिला से तीस हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से तहसील परिसर में लगभग डेढ़ घंटे खलबली मची रही। टीम दोनों को अपने साथ ले गई।
कोंच तहसील क्षेत्र के परेथा गांव निवासी शिवेंद्र सिंह पटेल जौनपुर में शिक्षक थे। उनका निधन 30 अगस्त को जौनपुर में ही हो गया था। पति के निधन के बाद पत्नी राधा पटेल ने कोंच तहसील में वारिस प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दो माह पहले आवेदन किया था। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वह लगातार राजस्व निरीक्षक पिरौना सर्किल कृष्णा बाबू खरे के यहां चक्कर लगा रही थी।
महिला का आरोप है कि राजस्व निरीक्षक ने उनसे साठ हजार रुपये की मांग की थी। किसी तरह मामले तीस हजार रुपये में तय हो गया था। इस पर उसने एंटी करप्शन टीम झांसी को पूरे मामले की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह दो कारों में सवार एंटी करप्शन टीम के कर्मियों ने तहसील के आसपास डेरा डाल लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता महिला अपने भाई पनयारा गांव निवासी दोपहर में तहसील पहुंची।
राजस्व निरीक्षक के कक्ष में पहुंचकर उसने दो दलालों को केमिकल लगे रुपये थमा दिए। जैसे ही उसने रुपये दिए तभी एंटी करप्शन टीम ने राजस्व निरीक्षक कृष्णा बाबू खरे व दलाल भेड़ निवासी माता प्रसाद वर्मा व भरसूड़ा निवासी सौरभ यादव को घेरकर पकड़ लिया। सादा वर्दी में टीम ने जब तीनों लोगों को पकड़ा तो भीड़ जमा हो गई और लोगों को छुड़ाने की कोशिश करने लगी। तभी टीम सदस्यों ने अपनी पिस्टल निकालकर दिखाई, तब भीड़ पीछे हट हुई। टीम तीनों को एट थाना ले गई। जहां एसडीएम से बात कर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। टीम में निरीक्षक शादाब खान, ठाकुर दास, उपनिरीक्षक सूमेंद्र प्रताप, जितेंद्र सिंह, शिवम गुप्ता, मनोज, शिवम, इरसाद, राहुल, ओमकार आरिफ आदि शामिल रहे। टीम तीनों को अपने साथ ले गई है।