फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: दस दिन में ही उखड़ गई चालीस लाख से बनी सड़क

Sat, 21 Dec 2024 12:25 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
उरई। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस) द्वारा बनवाई गई सड़क दस दिन भी नहीं चल सकी। निर्माणाधीन सड़क का काम अभी ढंग से पूरा भी नहीं हो पाया था कि जगह जगह सड़क उखड़ने लगी। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों ने ठेकेदार से मिलकर मिट्टी के ऊपर गिट्टी डालकर सड़क का निर्माण करा दिया। इससे यह जल्द ही उखड़ने लगी। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों से मिन्नतों के बाद सड़क का निर्माण हुआ था। लेकिन यह तो दस दिन भी नहीं चल सकी।
विज्ञापन

शहर के मोहल्ला सुशील नगर में करीब पांच सौ मीटर सड़क का निर्माण आरईएस विभाग ने करीब चालीस लाख की लागत से करवाया है। लेकिन सड़क दस दिन भी नहीं चल सकी और उखड़ने लगी। इस पर मोहल्ले के लोगों ने नाराजगी जताई है। बताया कि सड़क के अंदर बस्ती में होने के चलते इस सड़क की करीब पांच वर्षों से मांग कर रहे थे। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद इस सड़क का कुछ दिन पहले निर्माण शुरू कराया गया। दस दिन पहले ही सड़क बनकर तैयार हुई।
इस पर मोहल्ले के लोगों में खुशी थी कि अब उन्हें आने जाने में परेशान नहीं होना पड़ेगा। लेकिन सड़क बनने पर मोहल्ले के लोगों की खुशी चंद दिन भी नहीं ठहर सकी और जगह-जगह सड़क उखड़ने लगी। जब ठेकेदार को सड़क उखड़ने की बात पता चली तो वह मोहल्ले के लोगों को शिकायत न करने की बात करने लगा। अब मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण की जांच कराई जाए और सड़क का गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कराया जाए। इससे उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन


ठेकेदार ने किनारे से ही मिट्टी डालकर बना डाली सड़क
मोहल्ले के लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क में मानकों के साथ इस कदर खिलवाड़ किया गया है कि सड़क के किनारे से ही मिट्टी को जेसीबी से खुदवाकर सड़क पर डालकर निर्माण करा दिया गया। लोगों का कहना है कि मिट्टी खुदने से बरसात के समय में गड्ढों में पानी भरेगा। इससे हादसों का खतरा भी बना रहेगा। बताया कि सुबह टहलने निकले युवक योगाभ्यास कर रहे थे। तभी एक युवक जब जोर से कूदा तो गिट्टी उखड़ने लगी। जब पैर से उसे और कुरेदा गया तो सड़क उखड़ने लगी। इस पर देखा तो नीचे गिट्टी की जगह डस्ट डली थी। लोगों ने बताया कि ठेकेदार ने मानक विहीन तरीके से सड़क का निर्माण किया है। लेकिन विभागीय अधिकारियों की इस पर नजर नहीं पड़ी।

सड़क की चौड़ाई कर दी कम
उरई। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि विभाग द्वारा संपर्क मार्ग की लंबाई 560 मीटर एवं चौड़ाई 3.75 मीटर तय है। लेकिन ठेकेदार ने मात्र तीन मीटर चौड़ाई की सड़क बनाकर स्टीमेट का भी कोई ध्यान नहीं दिया है। लोगों का आरोप है कि जब ठेकेदार से उक्त लोगों ने इस बारे में बात की तो उसने कहा कि सड़क का निर्माण मेरी मर्जी से होगा। न कि स्टीमेट के हिसाब से।


वर्षों इंतजार किया पर बनी तो मानक विहीन सड़क
सभासद आशीष कुमार ने बताया कि मोहल्ले के लोगों को कई वर्षों से इस सड़क के बनने की आस जगी थी। लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते सड़क के नाम पर लीपापोती कर दी गई। इसकी जांच होनी चाहिए।
जल्दबाजी में कर दिया गया सड़क का निर्माण
मोहल्ले के ही गंगा प्रसाद ने बताया कि ठेकेदार ने सड़क का निर्माण अपनी मर्जी से किया है। मानकों का कोई ध्यान नहीं दिया गया है। मिट्टी पर डस्ट डालकर बिना गिट्टी डाले ही सड़क का निर्माण कर दिया। इससे वह बनते ही उखड़ने लगी।


वर्जन
सड़क निर्माण का अभी ठेकेदार को भुगतान नहीं किया गया है। अगर ठेकेदार ने सड़क निर्माण में लापरवाही की है तो उसे दोबारा से सही कराया जाएगा। - अनूप कुमार मिश्रा, एई आरईएस
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें