शो के कलाकारों के साथ अंशिता(लाल रंग के सूट में)
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। शहर की बेटी अंशिता शनिवार को कलर्स टीवी पर प्रसारित शो ‘द खतरा’ में नजर आएगी। शो की शूटिंग पूरी कर शहर स्थित अपने घर लौटी अंशिता ने बताया कि पांच अक्तूबर की शाम आठ बजे शो का प्रसारण होगा। अंशिता की प्रतिभा को लेकर उसके परिजन व नाते रिश्तेदार काफी उत्साहित है।
शहर के सुशील नगर निवासी व्यापारी शिवगोपाल बुधौलिया की बेटी अंशिता बुधौलिया आशी वर्तमान में कैलिया स्थित डिग्री कालेज से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। अंशिता ने बताया कि उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था, लिहाजा स्कूल कालेज जब भी जहां पर भी कोई मौका एक्टिंग दिखाने का मिलता तो वे उसे छोड़ती नहीं थी।
आशी ने बताया कि उसने अपना वीडियो आनलाइन अपलोड कर शो के निर्माता को भेजा था, इसके बाद वहां से फोन आया। फिर स्क्रीन टेस्ट हुआ और आखिर में उसका चयन भी कर लिया गया। इसी तीन अक्तूबर को शूटिंग पूरी हुई। द खतरा कामेडी से परिपूर्ण गेम शो है। जो टीवी की स्टार कलाकार भारती द्वारा संचालित है। उसने बताया कि वह शुरू से ही फिल्मों में जाना चाहती थी। उसकी मां साधना व पिता शिवगोपाल व भाई लवी एवं चाचा व पर्यावरणविद विनय पांडेय ने पूरा सहयोग किया। वह टीवी के क्षेत्र में नाम रोशन करना चाहती है।