उरई। फाल्ट और अघोषित बिजली कटौती से परेशान लोगों ने चुर्खी बाईपास पर जाम लगा दिया। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने पर एक घंटे बाद जाम खुल सका।
बघौरा के वार्ड नंबर 30 के बाशिंदे एक माह से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली पानी से परेशान लोगों ने मंगलवार की सुबह नौ बजे चुर्खी बाईपास पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी।
स्थानीय निवासी प्रेमनारायण अहिरवार ने बताया कि पिछले एक माह से बिजली की स्थिति बहुत चरमराई हुई है। लोकल फाल्ट, जर्जर लाइनों के चलते बमुश्किल 10 से 11 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। भीषण गर्मी के कारण बच्चे बीमार हो रहे हैं। प्रीतम सिंह, आलोक, वीरसिंह आदि ने बताया कि पानी की किल्लत चरम पर है। वार्ड नंबर चार के सभासद प्रतिनिधि अनिल चौधरी ने कहा कि प्रशासन से पांच इमरजेंसी ट्रॉली ट्रांसफार्मर की मांग की गई थी। जो अब तक पूरी नहीं हुई। सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सहाय ने कहा कि जनसमस्याओं में बिजली-पानी प्रमुख है। समस्या बढ़ती जा रही है। इसके तत्काल निदान की जरूरत है।
पांच दिन से स्कूल में नहीं आ रही बिजली
माधौगढ़। ब्लाक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बुढ़नपरा में पांच दिन से बिजली की लाइन खराब होने से छात्र-छात्राएं परेशान हैं। प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लाइनमैन से शिकायत के बावजूद भी लाइन सही नहीं की गई। इस कारण पानी की समस्या हो गई है। मिडडे-मील बनाने वाली रसोइयों को गांव जाकर पानी लाना पड़ रहा है। जेई संजय कुमार ने कहा कि लाइन खराब होने जानकारी नहीं है। लाइन सुधरवाकर जल्द बिजली आपूर्ति चालू करा दी जाएगी। (संवाद)
मोटर खराब होने से पेयजल संकट
उरई। डिप्टीगंज चौकी के पास स्थित नलकूप नंबर-17 की मोटर मंगलवार को दोबारा खराब हो गई। इसके चलते मोहल्ला रामनगर की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। जेई श्याम बहादुर का कहना है कि मोटर में तकनीकी खराबी आ गई थी। कर्मचारी भेजकर ठीक कराई जा रही है। (संवाद)
इनसेट
भ्रष्टाचार की जांच करेगी दो सदस्यीय कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। बिजली कर्मचारियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जालौन रोड जानकी पैलेस के पास रहने वाले अभिषेक दीक्षित ने मुख्यमंत्री व ऊर्जा मंत्री को शिकायतीपत्र भेजा था।
राष्ट्रीय ब्राह्मण एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार व अन्य चार टीजी-2 कर्मचारी आतिफ सिद्दीकी, हरिओम गुप्ता, अमित खरे, रवि कुशवाहा के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। उच्च अधिकारियों ने संज्ञान में लेते हुए झांसी मंडल के अधीक्षण अभियंता (विद्युत) इंजीनियर विनय कुमार व नगरीय परीक्षण खंड झांसी के अधिशासी अभियंता (विद्युत) की दो सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
फोटो-11-विकास भवन में समीक्षा बैठक लेती डीएम चांदनी सिंह।
बिना सूचना बिजली काटी तो कार्रवाई : डीएम
विभाग के अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने खराब बिजली व्यवस्था पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। बिना सूचना के कटौती करने पर कार्रवाई की बात कही है। इसके साथ ही अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति जानी।
डीएम चांदनी सिंह ने विकास भवन सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। गोल्डन कार्ड की धीमी प्रगति पर सीएमओ से नाराजगी जताते हुए शत प्रतिशत कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। पालिका ईओ को सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से रोक लगाने के लिए कहा। उन्होंने अमृत सरोवर योजना, अपशिष्ट प्रबंधन, ग्रामीण आवास योजना, मनरेगा, पेंशन, छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण पेयजल मिशन, सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, कन्या सुमंगला योजना, पोषण अभियान की समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा, डीएफओ जयप्रकाश नारायण तिवारी, परियोजना निदेशक शिवाकांत द्विवेदी, डीडीओ सुभाष चंद्र त्रिपाठी, डीपीआरओ डॉ. अवधेश सिंह आदि मौजूद रहे।