उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज को एमडी की 17 सीटों का आवंटन किया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी न बताया कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय व राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने कॉलेज में पांच एमडी बाल रोग (पीडियाट्रिक) सीट, सात सीटें एनेस्थीसिया (बेहोशी), दो एमडी सीट प्रसूति और स्त्री रोग विभाग, और तीन एमडी सीट चिकित्सा (मेडिसन) सीटों के आवंटन किया है। इन सीटों के मिलने से जो चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और विस्तार को बढ़ाने का काम होगा।
उन्होंने बताया कि अब मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा विशेषज्ञ में पोस्टग्रेजुएट (एमडी ) सीटें प्रदान करेगा, जिससे छात्रों को उन्नत और उच्च गुणवत्ता वाली प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। फैकल्टी की संख्या बढ़ाने, शोधों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हड्डी और जोड़ों के रोगों के लिए पीजी सीटों की स्वीकृति की मांग की गई है। उम्मीद है कि इस पर निर्णय होगा।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि नई सीटों के मिलने से कॉलेज के साथ स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा। यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। भविष्य में अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति से कॉलेज की प्रतिष्ठा और संसाधनों को और भी मजबूती मिलेगी। इस दौरान सीएमएस डॉ. प्रशांत निरंजन, डॉ. चरक सांगवान, डॉ. जितेंद्र मिश्रा आदि रहे।