जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकरीराजा में महिलाओं के बीच हुए विवाद में फायरिंग से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन फायर करने वाला युवक भाग गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
शनिवार शाम पांच बजे ग्राम सिकरीराजा में रामू पिपरैया व श्यामजी व्यास के घर की महिलाओं में किसी बात पर विवाद हो गया। महिलाओं में हो रहे विवाद को देखकर दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान रामू ने तमंचे से दो हवाई फायर कर दिए। जिससे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसआई शफीक अहमद व बलराम शर्मा फोर्स के मौके पर पहुंचे और मौके से मनोज कुमार व श्यामजी को पकड़कर कोतवाली ले आई।
जहां उनसे पूछताछ चल रही है। वहीं, पुलिस के पहुंचते ही रामू मौके से भाग निकला। घटना के बाद से ही इलाके में दहशत है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि महिलाओं के बीच विवाद हुआ है। दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ा गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार रामू की तलाश में भी दबिश दी जा रही है।