पत्रकारों से चर्चा करते अखिल भारतीय युवा यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश यादव।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। यादव समाज के स्वाभिमान के लिए अहीर रेजीमेंट की स्थापना होनी चाहिए। इसके लिए काफी समय से संघर्ष किया जा रहा है। सैनिक बनकर देश सेवा करने में यादव समाज कभी पीछे नहीं रहा है। रेजीमेंट की मांग को लेकर समाज के पांच लाख लोग दिल्ली में धरना देंगे। यह बात बुधवार को अखिल भारतीय युवा यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कही।
शहर के राठ रोड स्थित विजय विक्रम रिसोर्ट में दिनेश यादव ने कहा कि देश में यादव समाज की आबादी 16 प्रतिशत है। आबादी के हिसाब से अहीर रेजीमेंट की स्थापना होनी चाहिए। इसके लिए संपूर्ण यादव समाज के लोग 20 लाख पोस्ट कार्ड लिखकर प्रधानमंत्री को भेजेंगे। इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर बैठक होगी। उसमें हक की लड़ाई लड़ने के लिए दिल्ली में होने वाले धरना प्रदर्शन की रूपरेखा तय की जाएगी। वार्ता में यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव यादव, यादव महासभा के राष्ट्रीय सचिव मनोज यादव, निर्मल यादव, युवा यादव महासभा के जिलाध्यक्ष भूरेंद्र यादव उर्फ टिंकू मौखरी, सुरेंद्र मौखरी, अखिलेश यादव, अनिल यादव, तेजप्रताप यादव, प्रदीप, कल्लन, रिंकू, चरन सिंह, मानसिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।