कलक्ट्रेट में धरना देते कम्युनिस्ट पार्टी पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मृत बच्चों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी ने बुधवार को कलक्ट्रेट में धरना देकर प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया।
धरना सभा में पार्टी के कमलेश कुमार ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले किसानों से संपूर्ण कर्ज माफी और उपज का डेढ़ गुना मूल्य देने का वादा किया था लेकिन सत्ता में आने पर योगी सरकार अपना वादा भूल गई। बुंदेलखंड के किसान कर्ज के चलते आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं। सरकार ने अब तक किसानों की खुशहाली के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। कर्जमाफी के नाम पर सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था लेकिन अब तक रोजगार के नाम पर सरकार ने जनता को सिर्फ धोखा दिया है। धरना के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय को सौंपा। इसमें किसानों की समस्याओं के समाधान और गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मृत बच्चों के परिजनों को 25-25 लाख रुपया के मुआवजा देने की मांग की गई है। धरना प्रदर्शन में कमलाकांत वर्मा, रामकिशोर, शिवचरन मोहन और रेनू आदि मौजूद रहे।