गल्ला मंडी में आयोजित चौथे सर्वसमाज सामूहिक विवाह महायज्ञ में घोड़ों पर सवार 51 दूल्हे बैंड बाजे और झूमते नाचते बारातियों के साथ बारात लेकर निकले तो देखने वाले देखते ही रह गए। मौका था 51 जोड़ों के विवाह का। इनमें 50 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मान कर सात फेरे लिए और एक मुस्लिम जोड़े का निकाह पढ़ा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व आयोजक मंडल ने सभी नवविवाहितों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में खूब धूमधाम से वैवाहिक रस्में पूरी की गईं।
विवाह महायज्ञ मे 51 दूल्हों की बारात टाउन हाल से निकाली गई। बाराती बैंड-बाजों की धुन पर थिरकते चल रहे थे। कार्यक्रम स्थल में बारात की अगुवानी आयोजक विजय विक्रम परिवार ने रीति-रिवाज से की।
सुरेंद्र मौखरी, संध्या मौखरी व टिंकू मौखरी ने टीका की रस्म पूरी की। वहीं, लाल सुर्ख जोड़े में सजी-धजी दुल्हनें हाथ में वरमाला लेकर बढ़ीं तो पुष्प वर्षा की गई। जयमाला के बाद मंडप की रस्में पूरी की गईं।
इस मौके पर मुख्य अतिथि सपा सांसद तेज प्रताप सिंह यादव तेजू ने नवविवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना की और कहा कि परिवार की खुशहाली के लिए पति और पत्नी को आपसी सामंजस्य और एक-दूसरे के प्रति विश्वास रखना चाहिए।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर भी जोर दिया और कहा कि बेटों के समान ही बेटियों को भी शिक्षित बनाने से दो परिवार तरक्की के रास्ते पर बढ़ते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं और कहा कि बुंदेलखंड सरकार की प्राथमिकता है। उधर, आयोजक मंडल के सदस्यों ने सांसद तेजप्रताप सिंह को हल्दी और चंदन का टीका लगा कर उनका स्वागत किया।
ये रहे आयोजक
विवाह में कार्यक्रम आयोजक पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र मौखरी, एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष हमीरपुर पुष्पेंद्र सिंह यादव ममना, जिलाध्यक्ष चौधरी धीरेंद्र यादव, सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, इंद्रजीत सिंह यादव, विष्णुपाल सिंह, सोहराब खान, प्रांतीय नेता प्रदीप दीक्षित, शफीकुर्रहमान कश्फी, रिंकू मौखरी, टिंकू मौखरी, कल्लन पाल, भूपेंद्र सिंह यादव, संध्या मौखरी, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, मुकेश यादव कुठौंदा, आनंद ठाकुर, रितुराज, फरहत उल्ला, नवीन विश्वकर्मा, गणेश गिरी, राहुल यादव पिरौना आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया।
बुंदेली गायकों ने सुनाया विदाई गीत
विवाह महायज्ञ में बुंदेलखंड के लोकगीत सम्राट पंडित देशराज पटैरिया और उनकी साथी सविता यादव ने बुंदेली लोकगीत पेश किए। उन्होंने द्वारचार, बधाई व विदाई गीत भी सुनाए। जनपद के मिर्जा साबिर बेग ने भी बेटियों के दान का गीत सुनाया।