कालपी। छौंक गांव में शनिवार देर रात राजस्व टीम की छापेमारी में मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई, जबकि खनन में लगी जेसीबी और अन्य वाहन चालक मौके से ले जाने में कामयाब रहे।
क्षेत्र में कई दिनों से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम अमित शेखर ने शनिवार को नायब तहसीलदार मुकेश कुमार को जांच के लिए मौके पर भेजा था। प्रारंभिक जांच में कई स्थानों पर ताजा खोदाई और मिट्टी निकाले जाने के प्रमाण मिले थे।
इसके बाद देर रात राजस्व टीम ने छौंक गांव के बाहर खेतों में छापेमारी की। टीम को देखते ही खनन में लगे लोग वाहन छोड़कर भाग निकले। हालांकि प्रशासन एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ने में सफल रहा, जिसे पुलिस अभिरक्षा में खड़ा करा दिया गया है। जेसीबी मशीन और अन्य वाहन मौके से भाग गए।
नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस बल पर्याप्त संख्या में उपलब्ध न होने के कारण कार्रवाई के दौरान सभी वाहनों को पकड़ना संभव नहीं हो सका। पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है। एसडीएम अमित शेखर ने कहा कि राजस्व टीम से पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।