उरई। कोचिंग से आ रही छात्रा को हाईवे पार करते समय कार ने टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर बदहवास परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कार चालक कार छोड़कर भाग गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के उरई जालौन मार्ग पर स्थित बोहदपुरा गांव के पास शनिवार की दोपहर कार चालक ने रजनी (19) निवासी मोहल्ला पटेल नगर जायसवाल टावर के पास को टक्कर मारकर रौंद दिया। जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि रजनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। कोचिंग जाने के लिए वह घर से निकली थी। सड़क पार करते समय कार ने टक्कर मारकर कुचल दिया। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल शिव कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता ललितपुर में पुलिस में तैनात है। कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।