कुठौंद। सड़क पार कर रहे वृद्ध को बाइक चालक ने टक्कर मार दी। इससेे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वृद्ध को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कस्बा कुठौंद निवासी परशुराम दोहरे (82) शनिवार की दोपहर थाना के पास से सड़क पार कर रहे थे। तभी बाइक चालक दीपू निवासी हरदुआ थाना भोगनीपुर जनपद कानपुर देहात की बाइक से वृद्ध को टक्कर लग गई। वृद्ध के सिर, पैर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने वृद्ध को सीएचसी कुठौंद पहुंचाया। बाइक चालक दीपू ने बताया कि वह बहन व भांजी को लेकर थानाक्षेत्र के लहार खरका गांव से हरदुआ जा रहा था। घायल परशुराम के परिजनों ने थाने में अभी कोई तहरीर नहीं दी है।