उरई। कालपी कोर्ट में पेशी में भागे कैदी का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस की कई टीमें पड़ोसी जिले में फरार कैदी की तलाश कर रही है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रावतान निवासी भूपेंद्र यादव जिला कारागार में बंद था। चार जनवरी को चोरी के मामले में कालपी कोर्ट में पेशी पर गया था। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिसकर्मी उसे पुलिस वाहन में बैठाने ले जा रहे थे। तभी उसने लघुशंका जाने की बात कहते हुए पुलिसकर्मियों को धक्का मारकर हथकड़ी सहित भाग गया था। कैदी के भागने से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। एसपी के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों के साथ-साथ एसओजी व सर्विलांस टीमों को भी भूपेंद्र की तलाश में लगाया गया है। पुलिस उससे जेल में मिलाई करने आने वालों परिजनों, रिश्तेदारों को भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस टीमें पड़ोसी जनपदों की पुलिस के साथ भी उसकी तलाश करने में जुटी है। जबकि कालपी के जंगलों में भी पुलिस ने उसकी काफी तलाश की। इसके अलावा पुलिस रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और टोल प्लाजा सहित अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इस बाबत कालपी कोतवाल संतोष सिंह का कहना है कि पुलिस की कई टीमें कालपी सहित पड़ोसी जनपदों में भी उसकी तलाश में लगी हुई है।