उरई। जालौन-औरैया हाइवे पर पुलिस गश्त कर रही जीप में सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। हादसे में जीप में सवार दरोगा सहित चार पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गए। इसमें एक सिपाही की हालत नाजुक देखते हुए उसे कानपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया। वहीं टक्कर मारने वाला कार चालक कार छोड़कर भाग गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
कुठौंद थानाक्षेत्र के जालौन औरैया हाइवे पर रोज की तरह कुठौंद पुलिस गश्त कर रही थी। जब उनकी जीप हाइवे स्थित एक पेट्रोलपंप के पास पहुंची। तभी सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर से पुलिस जीप में बैठे दरोगा शिवपाल सिंह, दीवान देवेंद्र गौतम, सिपाही यतेंद्र सिंह और चालक गार्ड ब्रजेश सिंह गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सिपाही यतेंद्र की हालत नाजुक देखते हुए उसे कानपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। (संवाद)
-----------
नौकरी के नाम पर महिला से दुष्कर्म
उरई। शहर कोतवाली में कोर्ट के आदेश पर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला के प्रार्थनापत्र पर अंटू अमित ठाकुर निवासी बंबा रोड लहार भिंड मध्य प्रदेश पर उसको नौकरी लगवाने का झांसा देकर बलात्कार करने और अभद्रता करते हुए मारपीट कर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। (संवाद)