उरई। बुधवार की देर रात कोटरा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बिजली विभाग के दो संविदा कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं टक्कर मारने वाली कार मौके से भाग गई। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अजनारी गांव निवासी शिवनारायण (45) और मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी कल्लू (35) बाइक से बुधवार की रात कोटरा रोड पर जा रहे थे। तभी कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि दोनों लोग बिजली विभाग में लाइनमैन के पद पर संविदा कर्मी थे और कोंच नाका बिजली उपकेंद्र में तैनात थे। टक्कर मारने वाली कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक मौके से भाग गया। (संवाद)