कोंच। क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुरा के पास की है। जहां एट थाना क्षेत्र के ग्राम धगवां निवकसी दो युवक बाइक से ग्राम कुदारी जा रहे थे। तभी कुंवरपुरा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
एक अन्य घटना में धनुतालाब के पास कोंच से झांसी जा रही कार का संतुलन बिगड़ जाने से तालाब के पास जा गिरी। कार चालक को हल्की चोट आई है। जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई है। एक अन्य हादसे में सूरज ज्ञान महाविद्यालय के पास बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें कोंच से जालौन से जा रहे कमलेश, मंगल सिंह निवासी गोखलेनगर व रवींद्र प्रताप सिंह निवासी धनौरा घायल हो गए। उधर, उरई रोड स्थित हुलका देवी मंदिर के एक कार उरई से कोंच आ रही थी। तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार में महिलाओं सहित चार लोग सवार थे। राहगीरों ने कार में बैठे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। ड्राइवर ने बताया कि उरई से कोंच आ रहे थे तभी कार बेकाबू होकर खाई में पलट गई। (संवाद)
--------------------
छह दुकानों के चालान
जालौन। रविवार को जितेंद्र मार्केट में कुछ दुकानदार चोरी से दुकान खोलकर सामान बेच रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मार्केट में दोनों ओर से ताला डालकर अंदर मौजूद सभी दुकानदार और ग्राहकों के चालान किए। छह दुकानदारों से 13200 रुपये समन शुल्क वसूला। (संवाद)