उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के गढ़न विनौरा गांव के पास सोमवार की दोपहर कार व बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पानी भरे खंती में जाकर पलट गई। इस हादसे में कार चालक शिक्षक व बाइक चालक वृद्ध किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उरई मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, वहां दोनों की मौत हो गई। सूचना पाकर परिजन मेडिकल कालेज पहुंच गए है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के भेड़ धनौरा निवासी शिक्षक प्रदीप निरंजन (40) वर्तमान में मैकेनिक नगर उरई में रहते थे। प्रदीप निरंजन सोमवार की सुबह कोंच में अपनी भतीजी की शादी में शामिल होकर कार से बेटी व बुआ के साथ उरई लौट रहे थे। दोपहर में गढ़न विनौरा गांव के पास पहुंचते ही उरई की ओर से बाइक से जा रहे किसान विष्णु शंकर भारद्वाज (55) निवासी धगुंवा एट की बाइक में कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पानी भरे खंती में जाकर पलट गई। इस हादसे में कार चालक शिक्षक प्रदीप निरंजन व बाइक सवार विष्णु शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने शिक्षक की बेटी गुनगुन व उनकी बुआ श्री को कार से सकुशल बाहर निकाला और सभी को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्रदीप और विष्णु की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि प्रदीप कदौरा ब्लॉक के डेरा मोहरदेवी विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। वह तीन भाई व एक बहन में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से पिता अमृत सिंह, पत्नी संजना, बेटी, बेटे शुभ का रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं, किसान विष्णु शंकर के परिजनों ने बताया कि वह शादी समारोह से लौट रहे थे।